- ग्रीन फील्ड हवाई अड्डे के लिए 600 एकड़ जमीन की जरूरत, नेवल हवाई पट्टी पर केवल 176 एकड़ जगह
- विधायक बोले, अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनेगा एयरपोर्ट, केंद्रीय स्वीकृति के बाद जगह करेंगे तय
गगन तलवार
करनाल। कर्ण नगरी से आने वाले समय में विदेश जाने के लिए भी उड़ान भर सकेंगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर का ग्रीन फील्ड हवाई अड्डा तैयार किया जाएगा। बजट की घोषणा के बाद ही शासन और प्रशासन स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। अब एयरपोर्ट नेवल हवाई पट्टी का विस्तार करके बनाया जाएगा या किसी अन्य जगह पर बनेगा, इसके लिए निर्णय होना शेष है।
नेवल हवाई पट्टी के नजदीक की जगह की स्थिति का अवलोकन करके या किसी नई जगह की तलाश करके प्रशासनिक स्तर पर रिपोर्ट दी जाएगी। इसके अलावा केंद्रीय स्वीकृति के बाद ही प्रदेश सरकार की ओर से हवाई अड्डा बनाने के लिए जगह तय करने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। बजट में मुख्यमंत्री नायब सैनी की घोषणा के अनुसार, करनाल में 600 एकड़ में ग्रीन फील्ड हवाई अड्डे का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है, जबकि नेवल हवाई पट्टी पर अधिग्रहण के बाद केवल 176 एकड़ जगह ही है। यानी यहां पर ही एयरपोर्ट बनाने के लिए 424 एकड़ जमीन की और जरूरत पड़ेगी।
करनाल के विधायक जगमोहन आनंद का कहना है कि बजट की घोषणा के बाद यह तय हो गया है कि करनाल में अब अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनाया जाएगा। उनका दावा है कि मुख्यमंत्री की ओर से इस वर्ष के अंत तक इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरी करके स्वीकृति ले ली जाएगी। करनाल प्रशासन ने भी इस परियोजना को सिरे चढ़ाने के लिए काम शुरू कर दिया है।
स्थिति : अभी सिर्फ लाइसेंस और ट्रेनिंग संबंधित होते हैं काम
हरियाणा इंस्टीट्यूट ऑफ सिविल एविएशन करनाल की कलवेहड़ी रोड पर नेवल हवाई पट्टी में विज्ञान संकाय से 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थी को कामर्शियल पायलट लाइसेंस के लिए 200 घंटे की फ्लाइंग करवाई जाती है। यह लाइसेंस डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन दिल्ली से बनता है। प्रशिक्षण के लिए टू सीटर सेशना-152 व फोर सीटर सेशना-172 क्राफ्ट हैं। इसके अलावा एनसीसी एयर विंग के बच्चे भी अभ्यास करते हैं।
योजना : 2008 से प्रक्रियाधीन, पीएम और सीएम भी कर चुके घोषणा
अब तक करनाल में घरेलू हवाई अड्डा निर्माण के लिए कवायद वर्ष-2008 से चल रही है, अक्तूबर-2012 में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने यहां हवाई अड्डा बनाने की संभावनाएं तलाशी। 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और सीएम बनने के बाद 8 नवंबर 2014 को वर्तमान में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने नेवल हवाई पट्टी के विस्तार की घोषणा की थी लेकिन 12 साल तक जमीन खरीद को लेकर कई अड़चनों के कारण परियोजना अटकी रही।
अभी तीन हजार फुट है पट्टी, नाइट लैंडिंग विचाराधीन
अब तक की परियोजना के अनुसार, हवाई अड्डे निर्माण 176 एकड़ जमीन एविएशन क्लब के पास है। मौजूदा समय में यहां तीन हजार फुट की हवाई पट्टी है। इसे दो हजार फुट बढ़ाने और नाइट लैंडिग कराने के लिए तीन साल से योजना विचाराधीन है। एक्सटेंशन के साथ ही छोटे और मध्यम श्रेणी के हवाईजहाज उतारने की योजना बनी थी। इसके लिए बेसिक, पार्किंग जोन, नाइट लैंडिंग, लाइट एमआरओ जैसी सुविधाओं पर काम किया जा रहा था।