- गृह मंत्री के दरबार से बोल रहा हूं कहकर अज्ञात नंबर से आशा कर्मियों को दी धमकी
संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। गृह मंत्री के दरबार से बोल रहा हूं, आप भ्रूण लिंग जांच करवाती हैं। डॉ. हरि मोहन से बात करके समझौता कर लो नहीं तो आधे घंटे के अंदर महिला पुलिस उठाकर ले जाएगी। अज्ञात व्यक्ति द्वारा दो अलग-अलग नंबरों से फोन कर राहड़ा गांव की आशा कर्मियों को यह धमकी दी गई। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर केस दर्ज कर लिया है।
राहड़ा गांव निवासी आशा कर्मी कृष्णा व निशा ने थाना असंध में पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सात अक्तूबर को उनके पास अज्ञात नंबर से फोन आया और उसने उन पर आरोप लगाया कि वह भ्र्रूण लिंग जांच करवाती हैं। समझौता कर लें नहीं तो महिला पुलिस उन्हें उठाकर ले जाएगी और उन्हें सात से 10 साल की सजा हो जाएगी। आशा कर्मियों का कहना है कि उनका डॉ. हरि मोहन से कोई विवाद नहीं है। नंबरों की जांच करके आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। असंध थाना पुलिस ने आरोपी की पहचान गुलाब सिंह निवासी खिजराबाद के रूप में की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।