करनाल। आपका शहर आपकी शान मुहिम के तहत सेक्टर-8 स्थित अग्रवाल भवन में 13 से 16 दिसंबर तक योगासन वर्ल्ड कप का आयोजन किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में देश-विदेश के योगासन खिलाड़ी और प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इस आयोजन में विदेशी प्रतिभागी भी भारतीय योग परंपरा से जुड़कर योगासन का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन का उद्देश्य योग को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। चार दिन तक चलने वाले इस आयोजन में विभिन्न योगासन विधाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें प्रतिभागी अपनी योग क्षमता, शारीरिक संतुलन, लचीलापन और अनुशासन का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान योग के क्षेत्र में योगदान देने वाले प्रतिभागियों और आयोजन से जुड़े लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा। आयोजकों का प्रयास है कि इस आयोजन के माध्यम से करनाल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिले और अधिक से अधिक लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। विदेशी प्रतिभागियों की मौजूदगी से भारतीय योग संस्कृति और विभिन्न देशों के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव को भी बढ़ावा मिलेगा। संवाद