करनाल। सेक्टर 32 ग्रीन बैल्ट में बुधवार की शाम को एक बुलेट सवार ने एक साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। दोनों को घायलों को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज लाया गया लेकिन साइकिल सवार की देर रात मौत हो गई। परिजनों ने कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
बताया जाता है कि बिहार राज्य के बेगूसराय जिला निवासी राजेश कुमार साहनी जो अब पिछले कई सालों से शहर के सेक्टर 32 में रहकर मेहनत मजदूरी करता था। राजेश साहनी (36) साइकिल से बुधवार की देर शाम कही जा रहा था, तभी ग्रीन बैल्ट के पास एक तेज रफ्तार बुलेट बाइक आई, जिसने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। परिजनों ने बताया कि बुलेट सवार को हल्की चोट के बावजूद मेडिकल कालेज प्रशासन ने उपचार शुरू कर दिया लेकिन साइकिल सवार के परिजनों को डॉक्टर ने कह दिया कि पहले पुलिस रिपोर्ट लेकर आओ। इसके बाद फिर गए तो फोटो मंगवाया। फोटो लेकर आए तो फिर नीचे लेटने को कहा दिया। करीब डेढ़ घंटे के बाद भी उपचार नहीं शुरू किया। तब तक उसकी मौत हो गई।