बरसत गांव की एक कंबल फैक्टरी में भारी मशीन के नीचे दबने से मजदूर सुरेंद्र कश्यप (32) की मौत हो गई। मजदूर फैक्टरी में गाड़ी से लकड़ी उतारने के बाद गाड़ी बैक करा रहा था। गाड़ी के कंपन से मशीन गिर गई।
बरसत गांव निवासी कृष्ण ने बताया कि सुरेंद्र गाड़ी से लकड़ी उतारने के लिए गया था। इसी दौरान फैक्टरी के अंदर से दूसरी गाड़ी बैक की जानी थी। सुरेंद्र उस गाड़ी को बैक करवा रहा था। गाड़ी के कंपन से भारीभरकम मशीन सुरेंद्र के ऊपर गिर गई। आसपास के मजदूरों ने उसे निकालने का प्रयास किया लेकिन मशीन भारी होने के कारण निकाल नहीं पाए।
फैक्टरी में काम कर रहे अन्य मजदूरों ने पहुंचकर मशीन को उठाकर सुरेंद्र को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घरौंडा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शवगृह में रखवाया है।
सुरेंद्र कश्यप घर में अकेला कमाने वाला था। परिवार में मां, पत्नी, छोटा भाई और तीन बेटियां हैं। बड़ी बेटी की उम्र करीब नौ साल है। घरौंडा थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि फिलहाल परिवार की ओर से शिकायत नहीं मिली है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर
बरसत गांव के सरपंच नवीन राणा ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। सुरेंद्र के घर पर छत तक नहीं है। हाल ही में सुरेंद्र पीएम आवास योजना के तहत मकान का निर्माण कर रहा था। उनको अभी एक ही किस्त मिली थी। ऐसे में केवल मकान की दीवारें खड़ी हुई हैं। दूसरी किस्त नहीं आई, जिस कारण से छत नहीं बन पाई है। उन्होंने मदद की गुहार लगाई है।