कुरुक्षेत्र। एनआईटी में छात्राओं की सुरक्षा और शिकायत निवारण व्यवस्था की जांच के लिए मंगलवार को हरियाणा राज्य महिला आयोग की टीम पहुंची। आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) के सदस्यों के साथ बैठक कर पुरानी शिकायतों का रिकॉर्ड खंगाला और उनके निपटारे की प्रक्रिया की जानकारी ली।
उन्होंने कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम अधिनियम-2013 के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की।इसके बाद टीम ने गर्ल्स हॉस्टल के कमरों, मेस, रसोईघर, शौचालय और स्नानघर का निरीक्षण किया। छात्राओं से भोजन की गुणवत्ता, सुविधाओं, पढ़ाई, सुरक्षा और मानसिक दबाव को लेकर बातचीत की। संस्थान में छात्राओं की आत्महत्याओं के बाद निगरानी, परामर्श और सहायता के लिए उठाए गए कदमों की भी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान एक हॉस्टल के शौचालय और कॉरिडोर में सफाई की कमी मिलने पर प्रशासन को तीन घंटे में व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
निर्धारित समय बाद वीडियो कॉल के माध्यम से दोबारा जांच की गई।एनआईटी प्रवक्ता प्रो. डॉ. दिलबाग ने बताया कि टीम ने शिकायत निवारण कमेटी के रिकॉर्ड और समाधान प्रक्रिया की जांच कर कार्यप्रणाली की सराहना की।