माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश विस्तारित कार्य समिति की बैठक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली व हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद् की उपाध्यक्ष सुमन सैनी की मौजूदगी में हुई। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू हो रहे सेवा पखवाड़ा की रूपरेखा तय की गई। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने हमेशा समाज और संगठन के लिए अहम भूमिका निभाई है। भविष्य में होने वाले सभी चुनावों में महिला कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण भूमिका और भागीदारी निभाने का अवसर मिलेगा।
डॉ. मंगल ऑडिटोरियम के सभागार में आयोजित भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्य समिति की बैठक का शुभारंभ वंदे मातरम के गीत से हुआ। मोहन लाल बड़ौली व सुमन सैनी का जोरदार स्वागत किया गया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का काम करने का तरीका ऐसा है कि कार्यकर्ता लगातार व्यस्त रहते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री रहते हुए गुजरात को एक मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया और वर्ष 2014 से भारत की संस्कृति और शक्ति को पूरी दुनिया के सामने स्थापित किया है तथा विश्व में अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और उज्ज्वला जैसी योजना लागू करके महिलाओं के प्रति अपनी संवेदनाओं को प्रकट किया है। अब प्रदेश में 17 सितंबर से दो अक्तूबर तक ‘सेवा पखवाड़े’ का आयोजन किया जाएगा। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन और विश्वकर्मा दिवस है, इसमें महिला मोर्चा की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इसमें विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण सिर्फ एक शब्द नहीं है, बल्कि एक जीवन शैली है, एक सोच है, एक आंदोलन है। हरियाणा सरकार ने हाल ही में महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा और सम्मान के लिए ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ को लागू करने का निर्णय लिया है। जो 25 सितंबर से शुरू होगी। पात्र सभी महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया ने कहा कि हमारी मातृशक्ति ही सनातन समाज को जोड़े रखती है और घर से लेकर देश की अर्थव्यवस्था और राजनीति भी उन्हीं पर टिकी है। विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसमें छोटे से छोटे कार्यकर्ता को पूरा मान-सम्मान मिलता है विशेषकर महिलाओं को। भाजपा प्रदेश महामंत्री अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा जिस मूल संगठन, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की एक शाखा है, वह इस विजयादशमी, 2025 को अपने 100 वर्ष पूरे करने जा रहा है, और इस शताब्दी वर्ष में विभिन्न गतिविधियों में महिला मोर्चा को प्रमुख भूमिका निभानी होगी।
सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान मिला : ऊषा प्रियदर्शनी
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ऊषा प्रियदर्शनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को न केवल सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान मिला है, बल्कि उन्हें फाइटर प्लेन उड़ाने और युद्ध का नेतृत्व करने तक का अवसर भी मिला है। अब महिलाएं अपनी भागीदारी से प्रधानमंत्री के सपनों को पूरा करेंगी और भारत को विकसित राष्ट्र बनाएंगी। इसमें संगठन मंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पटौदी की विधायक विमला चौधरी, भाजपा के जिला अध्यक्ष प्रवीन लाठर, जिला मीडिया प्रभारी डा. अशोक कुमार, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष मीना चौहान, पूर्व मंत्री सीमा त्रिखा, कविता जैन, पूर्व विधायक कलानौर सरिता, पूर्व विधायक कालका लतिका शर्मा, चेयरपर्सन रोजी मलिक, सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।