संवाद न्यूज एजेंसी
इसराना। नाैल्था गांव में अंजलि (26) का शव घर में फंदे पर लटका मिला है। मायका वालों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतका के भाई ने पति, सास व ससुर पर हत्या का आराेप लगाया है। इसराना थाना पुलिस ने तीनोंं के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
करनाल के शामगढ़ गांव के संजीव कुमार ने शिकायत में पुलिस को बताया कि उन्हाेंने सबसे छाेटी बहन अंजलि (26) की 2018 में अमित निवासी नौल्था गांव के साथ शादी की थी। पति अमित, सास अनीता, ससुर प्रमोद उसके साथ झगड़ा करने लगे। इसको लेकर पंचायत भी हुई। वे हर बार माफी मांगकर अंजलि काे साथ ले जाते रहे। वे नहीं माने और बहन के साथ मारपीट करते रहे। 2023 में बहन ने ससुराल वालाें के खिलाफ करनाल महिला थाने में केस दर्ज कराया लेकिन हर बार की तरह उन्होंने माफी मांगकर उसे साथ ले गए।
दिन में आना था नौल्था, मौत की सूचना मिली
संजीव ने आरोप लगाया कि अमित शराब पीता है और जबरदस्ती अपने चार साल के बेटे काे भी शराब पिलाता था। अंजलि विराेध करती ताे मारपीट करता। 4 अक्टूबर काे भी पति ने मारपीट की। बहन ने शाम 7:28 बजे फोन किया और कहा कि भाई मुझे बचा लाे। अमित शराब पीकर मारपीट कर रहा है। उसने बहन काे समझाया था कि रविवार सुबह आकर बात करेंगे लेकिन रविवार सुबह अमित का फोन आया कि तुम्हारी बहन ने फंदा लगा लिया है। सूचना पर वह माैके पर पहुंचे ताे शव बेड पर पड़ा था। जिसके बाद पुलिस काे सूचना दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहन अंजलि की ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा हत्या की गई है।
नौल्था गांव में महिला के फंदा लगाने की सूचना मिली थी। शव को शवगृह में रखवा दिया। मायका पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने इसमें हत्या की धारा में केस दर्ज कर लिया है।
- महीपाल, प्रभारी, थाना इसराना पुलिस