बिलासपुर-कपालमोचन रोड पर प्लाॅट दिखाने के बहाने एक व्यक्ति ने महिला को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने आरोपी पर प्लाॅट खरीदने के लिए एडवांस में दिए 20 हजार रुपये भी हड़पने का आरोप लगाया है। बिलासपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब 20 दिन पहले उसकी फोन पर एक व्यक्ति के साथ बातचीत हुई। वह व्यक्ति ने उसे कहा कि वह उसे कपालमोचन रोड पर सस्ते दाम पर प्लाॅट दिलवा देगा। वह आरोपी की बातों में आ गई। इसके बाद उसकी आरोपी से फोन पर बात होने लगी। उसने आरोपी को प्लाॅट के लिए एडवांस में 20 हजार रुपये भी दे दिए।
आठ सितंबर को उसके पास आरोपी का फोन आया और उसे प्लाॅट दिखाने बुलाया। आरोपी उसे बाइक पर बैठाकर प्लाॅट दिखाने के लिए कपालमोचन रोड पर लेकर गया। वहां आरोपी ने उसे कोल्डड्रिंक पीने के लिए दी। कोल्डड्रिंक पीते ही वह बेसुध हो गई। इसके बाद आरोपी उसे एक कमरे में लेकर गया। वहां आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी उसे बाइक पर बैठाकर छछरौली रोड स्थित धर्मकांटे के पास छोड़कर चला गया।
जाते हुए आरोपी उसे इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने व प्लाट न दिलवाने की धमकी देकर गया। घर पहुंचकर उसने घटना के बारे में परिजनों को बताया और आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। बिलासपुर थाना प्रभारी जगदीश चंद्र का कहना है कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।