माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। बेटी को दवाई दिलाने के लिए बाइक पर पति के साथ जा रहीं इंद्री के वार्ड-10 निवासी बंती देवी (30) की सड़क हादसे में मौत हो गई। तीन वर्षीय बच्ची और पति विवेक को हल्की चोटें आई हैं।
हादसा शनिवार की रात कुंजपुरा थाना क्षेत्र में हुआ। पति-पत्नी इंद्री से बेटी को दवा दिलाने के लिए करनाल आए थे। गांव घीड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। बाइक का संतुलन बिगड़ने से बंती देवी और बच्ची नीचे गिर गए। बंती देवी को गंभीर घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। बच्ची को कान के पास हल्की चोट आई। रविवार को महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
विवेक के मौसा कैथल निवासी हरिराम ने बताया कि बंती की शादी करीब नौ साल पहले हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं, बड़ी बेटी सात साल की, एक पांच साल का बेटा और सबसे छोटी बेटी तीन साल की है। छोटी बेटी बीमार चल रही है, उसके लिए हर सप्ताह शनिवार को दवा लेने जाते थे। कुंजपुरा थाना के प्रभारी विपिन ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। स्थानीय लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी चेक करके आरोपी ट्रक चालक का पता लगाया जा रहा है।