करनाल। इंद्री क्षेत्र में सोलर पैनल की आपूर्ति के नाम पर महिला से करीब 3.80 लाख रुपये ले लिए गए। भुगतान के बाद सोलर पैनल नहीं भेजे गए। बाद में आरोपी की ओर से 1.50 लाख रुपये वापस कर दिए गए। शेष 2.29 लाख 782 रुपये की रकम की मांग पर धमकी दी गई। फिर फोन उठाना बंद कर दिया गया। साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव मुरादगढ़ निवासी सोनिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सूर्या एंटरप्राइजेज, बियाना रोड, मटक माजरी, इंद्री के नाम से फर्म संचालित करती हैं। अपनी फर्म के काम के लिए उन्हें सोलर पैनल खरीदने थे। इसी सिलसिले में उन्होंने बेस्ट हरियाणा सोलर एनर्जी के नाम से जुड़े सुशील शर्मा से संपर्क किया। महिला के अनुसार, सोलर पैनल खरीदने को लेकर बातचीत के बाद उन्होंने आरोपी के बताए अनुसार अलग-अलग समय पर रकम का भुगतान किया।
उन्होंने 19 मई को एक लाख, 22 मई को दो अलग-अलग भुगतान में एक लाख और 1.79 लाख का भुगतान किया। उन्होंने कुल 3.79 लाख रुपये दिए।
पीड़िता का कहना है कि भुगतान के बाद 20 मई को उसे जीएसटी सहित बिल भी व्हाट्सएप के माध्यम से भेजा गया। इससे उसे भरोसा हुआ कि भुगतान के बाद सोलर पैनल की आपूर्ति कर दी जाएगी। लेकिन भुगतान के बावजूद माल उसके पास नहीं पहुंचा।
1.50 लाख रुपये लौटाए, फिर संपर्क बंद
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उसने माल की आपूर्ति के संबंध में आरोपी से संपर्क किया तो उसे रकम वापस करने की बात कही गई। इसके बाद आरोपी की ओर से 23 मई को 50 हजार, 18 जून को 50 हजार और तीन जुलाई को 50 हजार वापस किए। 2. 29 लाख रुपये नहीं लौटाए। सोनिया ने आरोप लगाया कि जब उसने शेष रकम वापस मांगी तो आरोपी ने फोन पर धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद फोन उठाना बंद कर दिया।
साइबर थाने में केस दर्ज, जांच शुरू
शिकायत के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने रविवार देर शाम मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों, भुगतान से संबंधित रिकॉर्ड, व्हाट्सएप पर भेजे गए बिल और बैंक लेन-देन की जानकारी की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।