तार चोरी की जानकारी देते पीड़ित किसान। संवाद
मुलाना। किसान हाल ही में हुई भारी बारिश और खेतों में जलभराव से उबर भी नहीं पाए थे, वहीं अब वे ट्यूबवेल से केबल चोरी की नई समस्या से जूझ रहे हैं। मुलाना क्षेत्र में चोरों ने कई किसानों के ट्यूबवेलों से सबमर्सिबल केबल काटकर चोरी कर ली।
सुबह जब किसान खेतों में पहुंचे तो कटे हुए तार देखकर हैरान रह गए। किसानों ने मुलाना पुलिस को शिकायत दी है और प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द चोर गिरोह को पकड़ा जाए। उन्होंने कहा कि पहले से ही पानी और बारिश की मार झेल रहे किसान अब चोरी की इन घटनाओं से बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
मुलाना निवासी किसान मुकेश, चेतन, प्रताप और रविन्द्र ने बताया कि क्षेत्र में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे न केवल रात में ही नहीं बल्कि दिन के समय भी केबल काटकर भाग जाते हैं। किसानों का कहना है कि शाम करीब चार बजे भी एक ट्यूबवेल से चोर केबल काट ले गए। उनका अनुमान है कि इतनी बड़ी संख्या में वारदातें किसी सक्रिय गिरोह का काम हो सकती हैं। इस समय खेतों में पानी भरा होने के कारण किसानों का खेतों में आना-जाना कम हो रहा है। इसी का फायदा उठाकर चोर लगातार सक्रिय हो गए हैं। किसान मुकेश ने बताया कि अब तक क्षेत्र के करीब 50 से अधिक ट्यूबवेलों से केबल चोरी हो चुकी है। एक केबल बदलवाने में हजारों रुपये का खर्च आता है, जिससे किसानों पर आर्थिक बोझ और बढ़ गया है।