संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। वैलेंटाइन वीक के पांचवें दिन बुधवार को प्रॉमिस डे रिश्तों को परिभाषा देगा। पति-पत्नी, बेटा-बेटी और अभिभावक एक-दूसरे से अच्छे व्यवहार, सहयोग और साथ देने का वादा करेंगे। अभिभावक राजू सैनी ने बताया कि उनकी तीन बेटियां हैं। वह अपनी बेटियों से उनकी पढ़ाई, कॅरिअर और जीवन के हर फैसले में साथ देने का वादा दोहराएंगे। समाज की किसी भी सोच को बेटियों के सपनों के आड़े नहीं आने देंगे। मंगलवार को टेडी बियर डे पर बंपर बिक्री से उपहारों की दुकानों के संचालक उत्साहित रहे।
एक-दूसरे के कॅरिअर विकास में देंगे साथ
विवेक और बरखा की शादी को एक साल हो चुका है। पति विवेक ने बताया कि प्रॉमिस डे पर वे एक-दूसरे से जीवनभर साथ निभाने और कॅरिअर में विकास करने का वादा करेंगे। वह अपनी पत्नी से वादा करेंगे की वह उनका जीवन में हर लक्ष्य को प्राप्त करने में साथ देंगे। एक-दूसरे के आत्मसम्मान को ठेस न पहुंचाने का भी वादा करेंगे।
संवाद बनाए रखने का करेंगी वादा
कंचन और संदीप की शादी को 13 साल हो चुके हैं। कंचन ने बताया कि पति के साथ अपने सपने साझा किए थे। वह स्वयं का ब्यूटी सैलून खोलना चाहती थीं। उन्होंने साथ दिया। पांच साल से वह सैलून संचालित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि रिश्तों में भरोसा और सम्मान बनाए रखना सबसे बड़ा संकल्प होता है। वह पति को मतभेद होने पर भी संवाद बनाए रखने का वादा करेंगी।
टेडी की बंपर बिक्री
दुकानदार सिद्धार्थ चौधरी ने बताया कि मंगलवार को टेडी पर काफी अच्छा मुनाफा मिला। बंपर बिक्री हुई। वैलेंटाइन वीक में डेढ़ से दो लाख रुपये तक का कारोबार होने की उम्मीद है। प्रॉमिस डे के लिए खास उपहार बाजार में आए हैं। नए तरह के फोटो फ्रेम, ज्वेलरी विद टेडी, कपल्स रिंग्स और लाइट्स वाले जार पसंद किए जा रहे हैं। दुकानदार जोली ने बताया कि अब तक लगभग 60 से 70 हजार तक का कारोबार हो चुका है।
उपहार
कीमत (रुपये में)
प्रॉमिस बैंड
150 – 300
कपल ब्रेसलेट
250 – 2000
कपल रिंग्स
400 – 4000
मैसेज बॉटल
250 – 600
पर्सनलाइज्ड मग
300 – 500
कुशन प्रॉमिस डे थीम
500 –5000
गिफ्ट कॉम्बो पैक
800 – 2000