कुरुक्षेत्र में ‘स्वस्थ कुरुक्षेत्र-विकसित कुरुक्षेत्र’ मिशन के तहत सांसद नवीन जिंदल ने पूरे संसदीय क्षेत्र के लिए 10 ऐसे कोच तैनात किए हैं जो गांव-गांव घूमकर बच्चों और युवाओं की खेल टीम तैयार करेंगे, उनकी प्रतियोगिताएं आयोजित कराएंगे और प्रतिभावान खिलाड़ियों को उनके मुकाम तक पहुंचने का माध्यम बनेंगे।
ये कोच फिटनेस के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण भी बच्चों और युवाओं को देंगे जिससे उनका मनोबल बढ़ता रहे और वे नशे और अन्य बुरी लत से दूर रहे। इसके साथ ही ये कोच ऐसी एक्सरसाइज भी सिखाएंगे जिससे ब्लड प्रेशर, हार्ट, डायबिटीज, मोटापा और जोड़ों का दर्द जैसी बीमारियां न हों। सांसद जिंदल का मानना है कि थोड़ा सा व्यायाम लोगों को जीवन शैली से जुड़ी बीमारियों से दूर रखता है।
यहां वीरवार को द्रोणाचार्य स्टेडियम में सांसद नवीन जिंदल के कार्यालय में खेल मामलों के प्रभारी सुबोध सांगवान और फिजियोथैरेपिस्ट अवि सारस्वत ने बताया कि हरियाणा के जाने-माने कोच गुहला चीका निवासी सतनाम सिंह नए तैनात 10 खेल प्रशिक्षकों को गांवों की जरूरत के हिसाब से तैयार कर रहे हैं।
इन्हें वॉलीबाल, कबड्डी, क्रिकेट, बॉडी बिल्डिंग, एथलेटिक्स, हॉकी और अन्य प्रचलित खेलों के हिसाब से तैयार किया जा रहा है। तीन दिन के प्रशिक्षण के बाद इन्हें पूरे संसदीय क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में भेजा जाएगा जहां वे बच्चों व युवाओं को प्रोत्साहित करने और टीम तैयार करने के साथ-साथ उन्हें विभिन्न प्रांतीय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करेंगे।
इसके साथ ही इनकी नजर उन जिम पर होगी जो सांसद ने अपने खर्च से गांवों के युवाओं को उपलब्ध कराए हैं। यहां युवाओं को फिटनेस के साथ-साथ बॉडी बिल्डिंग व अन्य प्रतियोगिताओं के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। सांसद जिंदल मानते हैं कि फिटनेस और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट का प्रशिक्षण हासिल करने वाले युवा अपने जीवन के हर मिशन में सफल होते हैं।
इस प्रशिक्षण से हासिल अनुशासन उन्हें ऊंचाइयों पर ले जाता है। कोच सतनाम सिंह सांसद जिंदल के सपनों को साकार करने के लिए जिन खेल प्रशिक्षकों को क्षेत्र की जरूरत के हिसाब से तैयार कर रहे हैं, उनमें गुरमीत, वीरेंद्र, अजय, नरेश, संदीप, पोला सिंह, हरप्रीत, मनदीप, राजेश और नरेंद्र शामिल हैं।