करनाल। तीन माह पहले बारिश में सड़कों से धुल गईं। कोहरे में जीवनरेखा मानी जाने वाली इन सफेद पट्टियों को दोबारा नहीं बनवाया गया है। सड़कों पर डिवाइडर और ग्रिल भी उखड़े हुए हैं। उखड़े हुए ग्रिल में उलझकर भी वाहन क्षतिग्रस्त होते हैं। हादसों के कारण लोगों की जान जा रही है।
यह हालात तब हैं जब पिछले दो माह से हर माह होने वाली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उपायुक्त उत्तम सिंह और एडीसी सोनू भट्ट कोहरे से पहले सफेद पट्टियां लगवाने के निर्देश दे चुके हैं। लेकिन अनदेखी जारी है। अधिकांश सड़कों पर सफेद पट्टियां दिखाई नहीं दे रही हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में कोहरा छाने की चेतावनी भी दी है। सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में हालात और खराब होंगे। धुंध में लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए मजबूरन खतरे भरा सफर तय करना पड़ेगा।
अमर उजाला टीम ने सोमवार को पड़ताल की तो राष्ट्रीय राजमार्ग, तीन राजमार्ग, शहर से बाहर जाने और आने वाले रास्तों समेत 25 प्रमुख मार्गों से सफेद पट्टी नहीं दिखाई दी। ज्यादातर जगहों पर पिछले साल बनी पट्टी मिट चुकी है जो रात में दिखाई नहीं पड़ती। इसके अलावा कई जगह उखड़ी सड़कों से भी राहगीर हादसों का शिकार हो रहे हैं। सामान्यत: 20 नवंबर के बाद सड़कों पर कोहरा छाता है लेकिन इस बार मौसम में परिवर्तन होने के कारण अभी तक घना कोहरा नहीं छाया है। हादसों की स्थिति देखें तो वर्ष 2025 में जनवरी से नवंबर तक 587 सड़क हादसे हुए, इनमें 263 लोगों की मौत हुई। 574 लोग घायल हुए। 75 प्रतिशत तक हादसे राष्ट्रीय राजमार्ग व तीनों राजमार्गों पर हुए हैं।
70 किम के हाईवे पर कई जगह हालात खराब
नेशनल हाईवे-44 पर कुरुक्षेत्र सीमा से लेकर पानीपत तक 70 किलोमीटर में सर्विस लाइन पर कुछ जगहों को छोड़कर कहीं भी सफेद पट्टी नहीं है। इसके अलावा एलिवेटेड हाईवे पर भी कई जगहों से रोड मार्किंग गायब है। दिल्ली से अमृतसर तक जाने के लिए 24 घंटे में 80 हजार से ज्यादा वाहन इस हाईवे से गुजरते हैं। रोजाना औसतन दो हादसे होते हैं, फिर भी एनएचएआई लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नहीं है।
20 मीटर तक सुरक्षित आगे बढ़ाती है सफेद पट्टी
सड़क सुरक्षा विशेषज्ञ एडवोकेट संदीप राणा व तेजपाल का कहना है कि सड़कों पर रोड मार्किंग होना बेहद जरूरी है। धुंध के सीजन में दृश्यता शून्य हो जाती है। ऐसे में सफेद पट्टी और रिफ्लेक्टिव कैटआइज ही चालक को रास्ता दिखाने में मददगार होती है। उनका कहना है कि सफेद पट्टी से 20 मीटर तक का रास्ता साफ दिखाई देता है। हाईवे के अलावा शहर की सड़कों पर भी सफेद पट्टी जरूरी है। क्योंकि काफी लोग रात में अपने दुकानें बंद करके या कार्यालयों से घर जाते हैं।
मिट चुकी है पट्टी
- राष्ट्रीय राजमार्ग नमस्ते चौक से कर्ण लेक तक
- कैथल राजमार्ग पर करनाल से चिड़ाव मोड़ तक
- करनाल से कुंजपुरा गांव तक, इंद्री राजमार्ग और काछवा रोड पर
- काछवा रेलवे ओवरब्रिज, कैथल राजमार्ग नहर पुल पर
- कैथल रोड पुल से नहर पुल तक, रेलवे रोड पर भी
- रामगढ़िया मार्ग, पुरानी सब्जी मंडी से परशुराम चौक
- सेक्टर-12 रोड अस्पताल चौक, आईटीआई चौक से एनडीआरआई चौक तक
- लघु सचिवालय से आईटीआई चौक रोड तक
- एनडीआरआई से बलड़ी चौक, माल रोड पर
- पश्चिमी बाईपास, करनाल से काछवा गांव तक
-
नेशनल हाईवे-44 पर 10 जगहों पर हुए थे सर्वाधिक हादसे
दुर्घटना संभावित क्षेत्र
हादसे
मौत
घरौंडा बस स्टैंड के नजदीक
11
07
सेक्टर-7 से सीड रिसर्च फार्म तक
11
03
कर्णेश्वर मंदिर से देवी लाल रॉज गार्डन तक
09
03
ताऊ देवी लाल चौक क्षेत्र
09
08
समानाबाहू से रिसायत होटल तक
09
07
तरावड़ी
09
07
नए बस अड्डे से झिलमिल ढाबे तक
08
07
गीता द्वार से मायूर ढाबे तक
08
02
मधुबन गोल्फ ग्राउंड से पक्का पुल तक
08
05
नीलोखेड़ी
07
05
ये विभाग हैं जिम्मेदार
- पीडब्ल्यूडी और नगर निगम : स्थानीय सड़कों पर सफेद पट्टी लगाने और संकेतक लगाने के लिए जिम्मेदार।
- एनएचएआई : राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसे न हों सभी जरूरी व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदार।
- वन विभाग : धुंध के देखते हुए सड़कों से पेड़ों की छंटाई के लिए जिम्मेदार।
- सड़क सुरक्षा समिति : सड़क हादसे रोकने के लिए जिम्मेदार और सभी विभागों के ऊपर भी जवाबदेही।
सड़कों के गड्ढे भरने और सफेद पट्टी बनाने के बारे में संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। जल्द इसे लेकर अधिकारियों से रिपोर्ट भी मांगी जाएंगी। लोगों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। - उत्तम सिंह, उपायुक्त