संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल/घरौंडा। अराईपुरा गांव में एक युवक ने जहरीला पदार्थ निगल कर जान दे दी। मामला रुपयों के लेन देन से जुड़ा है। परिजनों ने कुछ युवकों पर आरोप लगाए हैं। घरौंडा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक आर्यन के पिता गोपाल राणा का कहना है कि पिंगली निवासी देवेंद्र उसके बेटे आर्यन का दोस्त था, एक युवक यूपी का रहने वाला है।
ये तीनों दोस्त थे और आपस में रुपयों का लेन देन करते थे।
देवेंद्र ने आर्यन के खाते में 1.40 लाख रुपये ट्रांसफर किए थे मगर ये रुपये वह वापस नहीं कर पाया। देवेंद्र ने आर्यन पर रुपये वापस करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
इसके बाद आरोपी देवेंद्र ने अपने जीजा रामबीर जो अराईपुरा गांव का रहने वाला है। उसके साथ मिलकर घरौंडा थाने में झूठी शिकायत दी और राशि को 1.40 लाख के बजाए 3.40 लाख रुपये लिखवा दिए। रामबीर ने झूठी गवाही दी।
इसके बाद उनकी पंचायत हुई तो पंचायत में रामबीर ने बताया था कि उसने झूठी गवाही दी है, रुपये 1.40 लाख रुपये ही थे।
इसके बाद आरोपी देवेंद्र अपने भाई के नाम पर भी धमकी देता था। जो पुलिस में है।
आर्यन बहुत डरा हुआ था। इसके बाद आर्यन ने 31 दिसंबर को जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिससे उसकी तबीयत खराब हो गई।
वह उसे अस्पताल लेकर गए तो वहां इलाज के दौरान आर्यन ने दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है आरोपियों के कारण ही आर्यन की जान गई है।