करनाल। सेक्टर-12 की झुग्गियों के पास पार्क में राहुल की हत्या के मामले में उसकी बहन आरती ने पुलिस को पूरा घटनाक्रम बताया है। आरती के अनुसार, राहुल और आरोपी डोन की जान-पहचान थी। घटना की रात आरोपी ने राहुल से जबरन पैसे मांगे थे। पैसे देने से इन्कार करने पर उसने राहुल की पिटाई शुरू कर दी। राहुल को ईंटों और डंडे से बुरी तरह पीटा। जिससे उसकी मौत हो गई।
आरती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 4 नवंबर की रात करीब एक से डेढ़ बजे परिवार निर्मल कुटिया गुरुद्वारे में खाना खाने के बाद लौट रहा था। राहुल कुछ सामान लेने की बात कहकर अलग हो गया। बाद में वह पार्क से घर की तरफ आ रहा था, तभी डोन ने उससे पैसे मांगे। राहुल ने परिवार की जिम्मेदारी और पैसे नहीं होने की बात कही तो आरोपी ने हमला कर दिया। राहुल परिवार को आवाज लगाकर बचने के लिए भागा लेकिन आरोपी उसे पकड़कर वापस पार्क में खींच ले गया और हमला जारी रखा।
राहुल की आवाज सुनकर आरती, उसकी मां और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। वहां राहुल गंभीर रूप से घायल और बेहोश पड़ा था। आरती का आरोप है कि आरोपी ने परिवार को भी जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गया। राहुल को पहले नागरिक अस्पताल और फिर कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरती ने बताया कि गृह मंत्री के दौरे के दौरान उनकी झुग्गियां हटाए जाने के बाद परिवार बेघर है। सिविल लाइन थाना प्रभारी विक्रांत ने बताया कि पुलिस ने आरोपी डोन के खिलाफ हत्या और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया है।