बूड़िया थाना क्षेत्र के गांव टापू माजरी के पास ई रवाना चेक करने के लिए रोकने पर चालक ने कर्मी को ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान चालक ने पहले टक्कर मारी। उसके बाद जब कर्मी नीचे गिर गया तो उसे कुचलने का प्रयास किया। जिससे वह घायल हो गया। जब आसपास के लोग मौके पर पहुंची तो आरोपी चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
बूड़िया थाना पुलिस ने मामले में आरोपी ट्रैक्टर चालक पर हत्या के प्रयास व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव माजरी टापू निवासी नितिन ने बूड़िया थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह छह साल से रायल्टी फर्म जेएसएम फूड्स प्राइवेट लिमिटेड में कार्य करता है। उसका काम क्रेशर जोन से भरकर आई ट्रैक्टर ट्राली व गाड़ियों का ई-रवाना चेक करना है।
वह टापू माजरी में नाका लगाकर ड्यूटी कर रहा था। दोपहर को क्रेशर जोन की ओर से एक ट्रैक्टर ट्राली आई। उसे ई रवाना चेक करने के लिए रोका गया। ट्रैक्टर चालक अहड़वाला निवासी ओमवीर था। उसे ई-रवाना दिखाने के लिए कहा तो वह धमकी देने लगा।आरोप है कि ई-रवाना चेक करने की बजाय आरोपी चालक ओमवीर ने उसे ट्रैक्टर से टक्कर मार दी। जिससे वह नीचे गिर गया। आरोप है कि आरोपी ने उसके ऊपर ट्रैक्टर का पहिया चढ़ा दिया। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल में दाखिल कराया। बूड़िया थाना प्रभारी भूपेंद्र राणा का कहना है कि मामले में आरोपी ट्रैक्टर चालक ओमवीर पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपी पुलिस गिरफ्त में होगा।