संवाद न्यूज एजेंसी
निसिंग। एक अप्रैल से शुरू होने वाली गेहूं की सरकारी खरीद की तैयारियों के लिए बुधवार को भाजपा किसान मोर्चा के किसानों व मंडी एसोसिएशन की बैठक हुई। इसके बाद भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष विनोद राणा गोंदर के नेतृत्व में मंडी एसोसिएशन प्रधान विजय जिंदल ने मंडी में किए गए इंतजामों का जायजा लिया। मंडी में पेयजल, सफाई, सड़कों को दुरुस्त कराने का कार्य किया जा रहा है।
भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष विनोद राणा गोंदर ने कहा कि भाजपा सरकार गेहूं के सीजन में किसानों, आढ़तियों व मजदूरों को किसी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी। किसान अनाज मंडी में गेहूं को सुखाकर लाएं, जिससे उनकी फसल की तुरंत खरीद हो सके। उन्होंने अनाज मंडी में चल रही सरकारी कैंटीन में पहुंचकर खाने की व्यवस्थाएं जांचीं और कहा कि किसानों, मजदूरों को अनाज मंडी में 10 रुपए में अच्छा खाना मिल रहा है। उसके बाद उन्होंने मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंच मंडी सुपरवाइजर शीशपाल से जानकारी ली। मौके पर पूर्व प्रधान लाला रतन लाल गोयल, भोजपाल राणा बरास, जोगा सिंह, महावीर सिंह, जितेंद्र व नरसी सहित अन्य किसान व आढ़ती मौजूद रहे।