मेयर द्वारा जारी व्हाट्सअप नंबर पर पहले दिन 202 शिकायतें आईं। सबसे ज्यादा 80 शिकायतें सफाई न होने व शौचालयों में फैली गंदगी को लेकर रही। सड़कों में गड्ढों की 50, खराब स्ट्रीट लाइटों की 30, वाटर सप्लाई न होने की 15, सीवर से परेशानी की 25 और पार्क मेंटेनेंस न होने की दो शिकायत मिली। ये सभी शिकायतें फोटो सहित मेयर द्वारा मंगलवार को जारी व्हाट्सअप नंबर 9991900059 पर शहर के लोगों ने भेजी। मेयर रेणूबाला गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को व्हाट्सअप पर आई शिकायत का समाधान करने के निर्देश दिए हैं। मेयर द्वारा संबंधित अधिकारियों को फोन से भी शिकायतों के समाधान के लिए कहा गया। उन्होंने कहा कि समय रहते इनका समाधान हो जाए और किसी प्रकार की लापरवाही ना बरती जाए। शिकायतों को लेकर अधिकारी भी मुस्तैद हो गए हैं। जो समाधान किया जाए, उसमें शिकायतकर्ता संतुष्ट होना चाहिए।
नागरिकों को मिले मूलभूत सुविधाएं
मेयर ने बताया कि करनाल मुख्यमंत्री मनोहर लाल का निर्वाचन क्षेत्र है। इसी नाते मुख्यमंत्री का शहर में दौरा होता रहता है। दौरे में वह जनता से भी मिलते हैं और उनकी शिकायतें पूछते हैं। मुख्यमंत्री चाहते हैं कि नागरिकों को सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर मिलती रहे। उन्हें सफाई, पेयजल व स्ट्रीट लाइट जैसी जरूरतों को लेकर किसी प्रकार की शिकायत ना हो। अब यह देखना अधिकारियों की जिम्मेदारी बनती है। अधिकारी कार्यालय में बैठने के साथ-साथ अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित दौरे कर वहां की समस्याएं भी सुनें व नागरिकों से उनका समन्वय बनाकर रखें। इससे जनता का सरकार के प्रति विश्वास ओर अधिक बढ़ जाता है।
छोटे कामों के लिए व्हाट्सअप करें
उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे कामों के लिए नागरिकों को दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते हैं। अब उन्हें ऐसा करने की जरूरत नहीं है। नागरिक बताए गए व्हाट्सअप नंबर पर अपनी शिकायत बताकर उसका समाधान करवा सकते हैं।