माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नगर निगम करनाल शहरवासियों को नए साल पर एक बड़ा तोहफा देने की तैयारी में है। निगम ने दो वार्डों की प्रमुख कॉलोनियों में आधुनिक और आकर्षक स्वागत द्वार बनाने की योजना को हरी झंडी दे दी है। इस पर कुल 31 लाख रुपये की लागत आएगी। निगम अधिकारियों का कहना है कि प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य भी शुरू करवा दिया जाएगा।
योजना के अंतर्गत वार्ड-3 की निर्मल विहार कॉलोनी में लगभग 17 लाख रुपये की लागत से शानदार स्वागत द्वार बनाया जाएगा। वार्ड-4 की कर्ण विहार कॉलोनी के प्रवेश द्वार पर 14 लाख रुपये की लागत से भव्य स्वागत द्वार तैयार किया जाएगा। दोनों ही प्रोजेक्ट्स की टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि स्वागत द्वार कॉलोनियों की सुंदरता और पहचान को नई पहचान देंगे। निगम ने इन प्रोजेक्ट्स को नए साल तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया है। लोग वर्ष 2026 का स्वागत नए अंदाज में कर सकेंगे।
स्वागत द्वार कॉलोनी और वहां के निवासियों को अलग पहचान देंगे। शहर के सुंदरीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। इसे लेकर निगम ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। अनुमान है कि अगले साल दोनों कॉलोनियों के लोगों को ये तोहफा दिया जा सकेगा। - डॉ. वैशाली शर्मा, आयुक्त, नगर निगम