माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। दिनभर मौसम साफ रहा। तेज धूप के कारण तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी चीन चार दिनों तक लगातार गर्मी बढ़ेगी लेकिन चार मई की रात से मौसम का मिजाज बदल सकता है। पांच मई को गरज चमक के साथ कहीं कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है।
केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान करनाल की जिला मौसम शाखा में मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.7 तो न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को पूरे दिन मौसम खुश्क रहा लेकिन आसमान पर बादलों की आवाजाही रही। चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर चार मई तक खुश्क रहने की संभावना है। दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस दौरान बीच-बीच में हल्की गति से हवाएं चल सकती हैं। रात्रि तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है लेकिन परंतु एक पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से चार मई रात्रि को मौसम में बदलाव की संभावना बन रही है, जिससे राज्य में चार मई देर रात्रि से पांच मई तक हवाएं व गरज चमक के साथ कहीं कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना बन रही है।