करनाल। तीसरे दिन सोमवार को फिर मौसम खराब रहने से जिले में खेतों से गेँहू की कटाई पर असर रहा। सोमवार शाम तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। खेतों में खुले में रखी अनाज की ढेरियां बचाने में किसान लाचार एवं विवश दिखाई दिए। गेहूं की कटाई का काम फिलहाल बाधित है। दोपहर बाद घने बादल छाने के साथ बूंदाबांदी की संभावना जताई गई। मौसम की यह स्थित किसानों के लिए परेशानी का सबब बन चुकी है। उमस व गर्मी भरा वातावरण बन गया है। सोमवार को करनाली जिले में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि 23 अप्रैल तक बादल रह सकते हैं। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम विभाग के अनुसार 21 अप्रैल को मौसम साफ रह सकता है। 22 अप्रैल को सुबह मौसम साफ व दोपहर बाद आंशिक बादल आ सकते हैं। 23 अप्रैल को कहीं-कहीं पर गरज व चमक संभावित है। चुंडीपुर गांव के किसान धर्मबीर सेतिया ने कहा कि मंडियों में गेहूं की बिक्री नहीं होने से खेतों में अनाज की ढेरियां लगी हैं। दिन-रात पहरेदारी कर रहे हैं। ऊपर से मौसम खराब है। किसानों की समस्या लगातार बढ़ रही है। ना तो वह फसल की कटाई कर पा रहे और ना ही मौसम की मार से फसल को बचा पा रहे। जो गेहूं खेतों में खुले आसमान तले रखा हुआ है वह भी गेहूं खरीद केंद्रों पर कब जाएगा यह किसानों को नहीं पता।