शनिवार सुबह घने बादल छाने के साथ जिले में अनेक जगह बूंदाबांदी से लेकर झमाझम बारिश हुई। जिले के कई इलाकों में अच्छी बारिश होने से लोगों को गर्मी से निजात मिली तो अनेक जगह चटख धूप से लोग परेशान रहे। पूरा दिन बादलों के बीच सूर्यदेव की लुकाछिपी चलती रही। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार, बुधवार, वीरवार और शुक्रवार को बूंदाबांदी की संभावना जताई है। सोमवार व मंगलवार को बादल आने की संभावना है।
शनिवार को बूंदाबांदी के चलते शहरी में कई जगह सड़कों और गलियों में जलभराव हुआ। सेक्टर-12 में ओल्ड मुगल कैनाल की सड़क पर पानी ठहर गया। फूसगढ़ क्षेत्र से लगते कालोनियों में गलियां कीचड़ से सन गई। गलियों में जगह-जगह जलभराव हो गया। बाईपास से फूसगढ़ की ओर जाने वाली गड्ढों में तबदील सड़क पर जलभराव होने से वाहन चालकों को दिक्कत हुई। आरकेपुरम पार्ट टू, बसंत विहार कालोनी, दनियालपुर रोड के समीप लगती कालोनियां, जनकपुरी क्षेत्र, इंद्रा कालोनी क्षेत्र का इलाका व लाइन पार एरिया की कई कालोनियों में कच्ची गलियों में जलभराव के कारण रास्ते खराब हो गए। यदि और बरसात होती है तो समस्या बढ़ जाएगी। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। नमी 87 प्रतिशत रही। वेपर प्रेशर 24.8 एमएम रहा। कृषि विभाग के पूर्व तकनीकी अधिकारी डा. एसपी तोमर ने कहा कि धान की फसल में जिन खेतों में परागण प्रक्रिया चल रही है उनमें बारिश से नुकसान की संभावना बन जाएगी। फूल झड़ जाने के कारण बालियों में दाने थोथे हो जाएंगे। मध्यम व पछेती किस्मों पर बारिश का कोई नुकसान नहीं होगा।