- विधायक योगेंद्र राणा ने परियोजना का किया शिलान्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। अमृत योजना के तहत जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग की ओर से असंध शहर में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से 3.5 एमएलटी क्षमता वाला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा। जिसका शिलान्यास वीरवार को क्षेत्रीय विधायक योगेंद्र राणा ने किया। इससे शहर की जल सुविधाएं बेहतर हो सकेंगी। शहर में पहले से भी पांच एमएलडी का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट है।
शिलान्यास करने के बाद भाजपा विधायक योगेंद्र राणा ने कहा कि इस नए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के बनने से शहर में जलापूर्ति की क्षमता बढ़ेगी तथा जल की आपूर्ति की अवधि भी बढ़ाई जाएगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि नई वैध कॉलोनी में भी जलापूर्ति बिना किसी बाधा के उपलब्ध होगी। इसके अलावा शहर में इससे संबंधित पूरी मशीनरी को बदलकर व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा।
इस मौके पर विधायक ने मुख्यमंत्री किसान एवं मजदूर सुरक्षा बीमा योजना 2013 के लाभार्थियों को चेक वितरित किए। इसमें इंदु पत्नी रविंद्र निवासी गांव बल्ला को पांच लाख रुपए, राजेंद्र पुत्र प्रताप सिंह निवासी गांव बल्ला को 37500 हजार रुपए का चेक दिया गया। मौके पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी एसडीओ राकेश कुमार, जेई रविंद्र कुमार, नगरपालिका चेयरमैन सतीश कटारिया, बृजमोहन टक्कर, मंडलाध्यक्ष रामावतार, अमित राणा, पूर्व चेयरमैन हरबीर सिंह मौजूद रहे।
एक किमी नई जल लाइन बिछेगी
विधायक ने बताया कि असंध में एसएस टैंक, वाटर टैंक, भी बनाए जाएंगे। असंध शहर में तीन बूस्टर हैं, जिनका रेनोवेशन होगा और सभी कंडम मशीनरी भी बदली जाएगी। नानकपुरा चौक से जेसी कॉलेज तक की एक किलोमीटर लंबी जल लाइन भी नई बिछाई जाएगी। जिसके कारण हर घर में जल पहुंच सके।