करनाल। नेशनल हाईवे स्थित बलड़ी बाइपास रेड लाइट पर रुके ट्राॅले को रोहतक डिपो की वोल्वो बस ने टक्कर मार दी जिससे यात्री सहम गए। गनीमत रही कि बड़ा हादसा बच गया। हालांकि कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। इस हादसे में बस चालक अंदर ही फंस गया। उसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। यात्रियों ने बताया कि रोहतक डिपो की वोल्वो रोडवेज बस दिल्ली से चंडीगढ़ जा रही थी। चालक शुरू से ही बस को लापरवाही से चला रहा था। बस जब करनाल बलड़ी बाइपास पर पहुंची तो वहां चौक पर लाल बत्ती होने के कारण ट्राॅला चालक ने गाड़ी रोकी। लापरवाही से बस चला रहे चालक ने अचानक ब्रेक मारे और ट्राॅले से भिड़ गई। यात्रियों ने आरोप लगाया कि काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। बस चालक को गंभीर हालत में लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान कुछ देर के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने यातायात बहाल काया।