जीटी रोड पर हनुमान मंदिर के समीप टायर फटने से टाटा एस डिवाइडर के खंभे से टकराते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें 18 लोग घायल हो गए। लोगों की आवाज सुनकर जीटी रोड से गुजर रहे वाहन चालकों और आसपास के लोगों ने भागकर गाड़ी से उन्हें बाहर निकाला। इसमें नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें नीलोखेड़ी अस्पताल से कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में रेफर किया गया। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है। टाटा एस में सवार सभी लोग एक ही परिवार के हैं और चंडीगढ़ से मुरादाबाद यूपी में एक बारात में शामिल होने के बाद वापस चंडीगढ़ जा रहे थे।
घायलों ने बताया कि चंडीगढ़ से एक परिवार टाटा एस में सवार होकर 16 दिसंबर को मुरादाबाद गया था। 18 दिसंबर को शादी में शिरकत करने के बाद यह परिवार 19 दिसंबर को मुरादाबाद से वापस चंडीगढ़ लौट रहा था। रविवार सुबह करीब पांच बजे टाटा एस ने नीलोखेड़ी ओवरब्रिज को क्रास किया तो हनुमान मंदिर के सामने उसका पिछला टायर फट गया। टायर फटने के बाद गाड़ी जीटी रोड डिवाइडर में लगे खंभे से टकरा गई। दुर्घटना में ड्राइवर गंगा राम सहित 18 लोग घायल हो गए। घायलों को नीलोखेड़ी के सरकारी अस्पताल लाया गया।
गाड़ी में सवार बाबू लाल, गीता, भगवती, पूजा, चिचिया देवी, दुलारी, रिंकू व ड्राइवर गंगा राम की हालत गंभीर होने पर उन्हें करनाल रेफर कर दिया गया। घायल गीता, पुष्पा, पूनम, रामरति, अनिल, पूनम, प्रीति, ओमपति, लीलावती व जयप्रकाश को नीलोखेड़ी के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल अनिल ने बताया कि जीटी रोड पर धुंध थी, लेकिन टायर फटने से यह हादसा हुआ। टायर फटने से ड्राइवर गंगा राम ने गाड़ी का संतुलन खो दिया और खंभे में जा टकराई। दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी गई और पुलिस ने एंबुलेंस भेजकर घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया।