माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कर्ण कैनाल क्षेत्र में मंगलवार रात अज्ञात बाइक सवार युवकों ने मदर डेयरी के दूध वैन चालक पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में वैन चालक सहित उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें करनाल के कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है।
वैन दूध सप्लाई के लिए जा रही थी तभी चार-पांच बाइकों पर सवार 8 से 10 युवक पहुंचे और वैन के आगे बाइक अड़ा दी। अचानक ब्रेक लगाने के कारण वैन का संतुलन बिगड़ गया और वह कैनाल की रेलिंग से टकरा गई। इसके बाद युवकों ने वैन पर हमला कर दिया और शीशे तोड़ते हुए लाठी-डंडों से वैन चालक व उसके साथियों की पिटाई की। हमले के बाद आरोपी भाग गए गए। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जांच अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि घटना के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।