कैथल के संगम पैलेस में रविवार को हरियाणा वाल्मीकि महासभा की ओर से राज्यस्तरीय वाल्मीकि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेशभर से वाल्मीकि समाज के नेताओं व संगठनों के पदाधिकारियों सहित भारी संख्या में लोगों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया।
इस सम्मलेन में वक्ताओं ने सरकार के केंद्रीय मंत्री और सांसदों पर जमकर भड़ास निकाली गई। सम्मलेन में कांग्रेस पार्टी के नेताओं खुले आम मंच पर ऐलान कर दिया कि अगर इस बार वाल्मीकि समाज को उनका हक नहीं मिला तो सड़कों पर उतर कर विरोध करेंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री संतोष चौहान सारवान और महासभा के अध्यक्ष राजकुमार वाल्मीकि ने सम्मेलन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा सरकार की ओर से ए और बी श्रेणी लागू न होने के पीछे केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा, प्रदेशाध्यक्ष फूलचंद मुलाना और राज्यसभा सांसद ईश्वर सिंह व एक अन्य सांसद का हाथ है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के ये कई नेता वर्ग विशेष से संबंध रखते हैं, जबकि वाल्मीकि समाज हमेशा से कांग्रेस का बड़ा वोट बैंक रहा है, लेकिन सरकार वाल्मीकि समाज को किसी प्रकार तवज्जो नहीं दे रही है।
उन्होंने कहा कि अगर इस बार कांग्रेस पार्टी ने कुमारी सैलजा, राज्यसभा सांसद ईश्वर सिंह, सांसद अशोक तंवर, प्रदेशाध्यक्ष फूलचंद मुलाना को टिकट या फिर कोई बड़ा पद दिया गया तो वाल्मीकि महासभा पूरे प्रदेश में सड़कों पर उतर कर जोरदार प्रदर्शन करेगा।
इसके अलावा यदि कोई अन्य पार्टी ए व बी श्रेणी के तहत वाल्मीकि समाज का राजनीति भागीदारी देती है तो उसका स्वागत करेगी। उन्होंने कहा कि जो लोग राजनीति से उठकर समाज हित में कार्य करेंगे। पूरा वाल्मीकि समाज उसके साथ चलेगा।
सफाई कर्मियों के पद भरे सरकार
उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 30 से 35 हजार पद सफाई कर्मचारियों के खाली पड़े हैं। सरकार ठेकेदार के माध्यम से उन गरीब सफाई कर्मचारियों को शोषण कर रही है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को अनिवार्य कर्मचारी में लिया जाए। कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाना चाहिए।
इन सभी मांगों को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिला जाएगा। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस पार्टी में है लेकिन फिर भी आवाज उठाएंगे। सफाई कर्मचारी आयोग का गठन किया जाए। कर्मचारियों को जरूरी सेवा मिले, गांवों में वार्ड के अनुसार एक-एक सफाई कर्मचारी नियुक्त होना चाहिए। इसके अलावा पंजाब की तरह ए व बी श्रेणी लागू होनी चाहिए।
ये लोग रहे मौजूद
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकुमार वाल्मीकि ने की व मंच संचालन राकेश बहादुर ने किया। वाल्मीकि कौर ग्रुप के संयोजक राकेश बहादुर ने कोर ग्रुप की ओर से तैयार किए प्रस्तावों को इस सम्मेलन में पेश किया और लोगों को हाथ उठाकर अपना समर्थन दिया। इस मौके पर मदन लाल सारवान, राजेंद्र प्रोचा, श्यामलाल कल्याण, तिलक राज, कवर भान, कर्ण सिंह मौजूद रहे।