हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्टार प्रचारक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज हरियाणा में हैं। योगी ने पहले सोनीपत में रैली को संबोधित किया।
सोनीपत रैली के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करनाल के असंध पहुंचे। असंध की अनाज मंडी में भाजपा के प्रत्याशी योगेंद्र राणा के समर्थन में जन आशीर्वाद रैली का आयोजन किया गया।
असंध विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी योगेंद्र राणा के समर्थन में जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कांग्रेस हमेशा बांटने का काम करती है। इसलिए इससे सावधान रहना है क्योंकि बटोगे तो कटोगे। हमें ना बटना है और ना ही कटना है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बाबरी मस्जिद की तरह कांग्रेस का अब सिर्फ ढांचा ही बचा है, बस आखरी धक्का लगाने की जरूरत है। यह तभी होगा जब हम एक रहेंगे। सिख समुदाय की बहुलता को देखते हुए उन्होंने 1984 के दंगों को भी याद कराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिखों की दुश्मन है।
उन्होंने 1914 से पहले हरियाणा में कांग्रेस सरकार की याद दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार चरम पर था, गुंडागर्दी भी चरम पपर थी माताएं बहनें सुरक्षित नहीं थी। हरियाणा में भाजपा सरकार ने माहौल को बदला है। अब यहां विकास हो रहा है। हरियाणा मोदी के विकसित भारत के साथ कदमताल कर रहा है।
उन्होंने बसपा और आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा बसपा कांग्रेस और आम आदमी पार्टी एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। इनसे सावधान रहें। ना तो हाथी का कभी पेट भरता है और ना ही कांग्रेस का हाथ कभी भला कर सकता है। हाथ सिर्फ बांटने के लिए आया है।