घरौंडा। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित विश्राम गृह के पास एक ढाबे पर हुई नरेंद्र उर्फ रोबिन की हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस के अनुसार सुमित और उसके दो दोस्तों ने नरेंद्र की चाकुओं से गोदकर हत्या की थी।
25 अक्तूबर को गांव लालूपूरा निवासी हाल निवासी भोला कॉलोनी नरेंद्र की राजेंद्र ढाबा पर सुमित, हैप्पी और रितिक के साथ किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। विवाद इतना बढ़ा कि तीनों ने नरेंद्र पर चाकुओं से हमला कर दिया। पुलिस, एफएसएल और सीआईए टीमों ने जांच की। घरौंडा थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से हत्या की गुत्थी सुलझा ली गई है। पूर्व में सुमित और नरेंद्र की हर्बल पार्क में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी से दोनों रंजिश रखते थे। 25 अक्तूबर को हत्या के दिन ढाबे पर दोनों पक्षों की अचानक मुलाकात हो गई। इसके बाद शराब के नशे में नरेंद्र की हत्या कर दी गई थी।
उन्होंने कहा कि घरौंडा थाना पुलिस ने मामले में आरोपी सुमित और हैप्पी को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया है। जहां से दोनों का दो दिन का रिमांड मिला है। अब पुलिस रिमांड के दौरान तीसरे आरोपी रितिक की गिरफ्तारी करेगी।