जितेंद्र नरवाल
करनाल। विनय की पत्नी हिमांशी ने परिजनों को फोन पर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया, विनय ने दो आतंकियों को पकड़ लिया। दोनों को अपनी बाहों में कस लिया था। लेकिन, एक जोर लगाकर छूट गया। उसने ही विनय के सिर में गोली मार दी।
आतंकी हमले के तुरंत बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें हिमांशी मदद मांग रही हैं।लोगों से कह रही हैं कि गोली मार दी। उन्होंने (आतंकियों ने ) पहले नाम पूछा और फिर मजहब। इसके बाद गोली मार दी।
हिमांशी बहुत परेशान नजर आ रही हैं। उनका एक फोटो भी वायरल हुआ। इसमें वह विनय के शव के पास बैठी नजर आ रही हैं। विनय के परिवार के लोगों ने बताया कि हिमांशी ने घटना के कुछ देर बाद फोन किया था। उसने बताया था कि वे लोग पहलगाम में होटल से निकलकर कुछ दूर ही पहुंचे थे कि आतंकी आ गए।
आतंकी सबका नाम और धर्म पूछ रहे थे। विनय उनके इरादे समझ गए। दो आतंकी उनके नजदीक आए। विनय ने उन्हें दबोच लिया। दोनों उनकी पकड़ से छूटने की कोशिश करते रहे। एक छूट गया। उसने ही विनय की हत्या की।
उन दोनों आतंकियों ने और भी लोगों की जान ली। इस बातचीत के आधार पर विनय के दादा हवा सिंह ने बताया कि 21 अप्रैल को दोनों जम्मू-कश्मीर के लिए निकल गए थे। पहलगाम में होटल में ठहरे हुए थे। 22 की दोपहर को घूमने के लिए गए थे। उसी दौरान आतंकी हमला हो गया।
पोते ने आखिरी समय में भी वीरता दिखाई। विनय के चाचा सुरजीत नरवाल ने बताया कि हिमांशी ने कॉल करके आतंकी हमले के बारे मे परिवार को जानकारी दी थी। इसके बाद पूरा परिवार सदमे में आ गया। परिवार के लोग कश्मीर के लिए रवाना हो गए।