सेक्टर-4 में मदद के बहाने बाइक सवार की बाजू में सुआ घोंप घायल कर लूटपाट करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं वारदात में इस्तेमाल बाइक, 1050 रुपये, एक बर्फ तोड़ने वाला सुआ, मोबाइल, बाइक की चाबी बरामद की है। एसपी सुरेंदर सिंह भौरिया ने बताया कि 6 अगस्त को बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े बाइक सवार युवक विजय विश्वकर्मा निवासी अग्रवाल मुर्गी फार्म रावर से मदद के बहाने नियर कम्यूनिटी सेंटर सेक्टर-4/5 के पास बाइक रुकवाई। इसके बाद विजय की बाजू में सुआ घोंपकर 2000 रुपये, मोबाइल, बाइक की चाबी लेकर फरार हो गये। थाना शहर करनाल में मामला दर्ज करने के बाद जांच उप निरीक्षक अनिल कुमार इंचार्ज चौकी सेक्टर-4 करनाल को सौंपी गई। उप निरीक्षक अनिल कुमार व उनकी टीम ने 8 अगस्त को सूचना के आधार पर आरोपी धम्मी निवासी गली 3 चांद सराय नियर धोबी घाट, अकरम निवासी चांद सराय नियर धोबी घाट को नियर हेरीटेज मैरिज हॉल सेक्टर-4/5 से काबू किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने बाइक सवार की बाजू में बर्फ तोड़ने वाला सुआ घोंपकर घायल करने के बाद छीना झपटी की। आरोपियों ने यह भी बताया कि वे ज्यादातर सुनसान जगह पर गरीब, मजदूर, व बुजुर्गों को निशाना बनाते थे। आरोपी नशे की पूर्ति के लिये अपराध करते थे।