मेरठ रोड कटाबाग क्षेत्र में ज्वैलर्स पिता-पुत्र से पिस्तौल के बल पर गहनों से भरा बैग छीनने के मामले में पुलिस ने रेकी करने वाले दो और आरोपियों को पकड़ा है। तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके। सभी आरोपियों से 5.25 किलोग्राम चांदी के जेवरात, 10 तोले सोने के जेवरात, वारदात में इस्तेमाल बाइक, अवैध पिस्तौल 315 बोर व दो कारतूस बरामद कर ली है।
26 जून को अर्जुन गेट निवासी ज्वैलर्स अजय कपूर व उसके पिता रामनाथ बाइक पर गहनों से भरा बैग लेकर कटा बाग जा रहे थे, रास्ते में पिस्तौल के बल पर यह बैग बाइक सवार बदमाशों ने छीन लिया था। सेक्टर-32, 33 थाना पुलिस में केस दर्ज कर लिया गया था। एसआई जयपाल की टीम ने 30 जून को तीन आरोपी ललित, ओमकार निवासी पृथ्वी विहार करनाल व युगल निवासी धानाकलां जिला हांसी को मेरठ रोड एरिया पुलिस चौकी मंगलौरा से गिरफ्तार किया। आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल बाइक व दो किलोग्राम चांदी के गहने बरामद किए गए थे। रिमांड के दौरान आरोपियों ने दो साथियों रवि वासी कटा बाग व सागर वासी पृथ्वी विहार के नाम का खुलासा किया। बताया कि इन्होंने रेकी कर ज्वैलर्स की जानकारी दी थी। 7 जुलाई को दोनों आरोपी रवि व सागर को रांवर रोड से गिरफ्तार कर लिया।