करनाल। जिले में फूड प्वाइजनिंग और ज्यादा शराब पीने से दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना में नीलोखेड़ी के गांव अमरगढ़ में करीब राजू (25) की पेट दर्द होने के कारण मौत हो गई।
राजू के साथी ने लीला नंद ने बताया कि वह बिहार के अररिया के गांव टेहड़ी मुसेरी का रहने वाला था। दो सप्ताह पहले राजू के साथ करीब 15 मजदूर बिहार से नीलोखेड़ी धान की कटाई के लिए आए थे।वीरवार को कटाई करने के बाद रात को खाना खाने के बाद वे सभी सो गए।
रात को राजू को पेट दर्द हुआ। उसे नीलोखेड़ी की अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत ज्यादा बिगड़ गई और उसे करनाल के ट्रामा में रेफर कर दिया गया।
जहां डॉक्टर ने राजू को मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर सुलतान सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि फूड प्वाइजनिंग से राजू की मौत हुई है।
वहीं दूसरी घटना में सदर थाना के बसंत बिहार क्षेत्र में ज्यादा शराब पीने से अंबिका प्रसाद (50) की मौत हो गई। जांच अधिकारी एएसआई जसबीर सिंह ने बताया कि बसंत बिहार की गली-13 में रहता था और वीरवार रात शराब के नशे में सोया था। शुक्रवार सुबह वह मृत मिला।
उन्होंने कहा कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि उसकी मौत अधिक शराब पीने के कारण हुई है। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों मौत के कारणों का सही खुलासा हो पाएगा।