करनाल। जिले में दो हादसों में दो लोगों की जान चली गई। जिनमें एक स्टौंडी गांव निवासी फतेह सिंह व कुंजपुरा निवासी नवदीप शामिल हैं। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
स्टौंडी निवासी देविंद्र ने बताया कि उसका भाई फतेह सिंह (43) 23 जनवरी की सुबह काम पर गया था मगर रात को घर नहीं लौटा। सुबह आठ बजे गांव के लोगों ने सूचना दी कि वह श्मशान घाट के सामने सड़क पर पड़ा है। मौके पर पहुंचा तो उसके हाथ व पांव में चोट लगी थी। जिससे लग रहा था कि किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मारी है। वह उसे अस्पताल लेकर गया जहां डॉक्टरों ने फतेह सिंह को मृत घोषित कर दिया।
उधर, कुंजपुरा निवासी जीत सिंह ने बताया कि 24 जनवरी को उसका भाई नवदीप बाइक पर बुढाखेड़ा से दूध लेकर घर आ रहा था। जब वह मुगल माजरा रोड पर पहुंचा तो सामने से आ रहे दूसरे बाइक सवार ने उसके भाई की बाइक को टक्कर मार दी। राहगीर उसे अस्पताल लेकर गए जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वह डेयरी का काम करता था।