माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। लोकसभा क्षेत्र करनाल और विधानसभा क्षेत्र करनाल के चुनाव में नामांकन प्रक्रिया के अब सिर्फ दो दिन शेष है। शुक्रवार को पांचवें दिन लोकसभा के लिए दो प्रत्याशियों ने अपना नामांकन भरा। इनमें पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) से नितिन और निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर सोनिया ने नामांकन दाखिल कराया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार नामांकन भरने का कार्य छह मई तक चलेगा। रविवार पांच मई को अवकाश होने के कारण नामांकन नहीं भरे जाएंगे। अब नामांकन के दो दिन शनिवार व सोमवार ही शेष हैं। उन्होंने बताया कि प्रक्रिया के पांचवें दिन करनाल लोकसभा क्षेत्र के लिए दो उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया।
अब तक लोकसभा चुनाव के लिए कुल सात उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। नामांकन लघु सचिवालय के प्रथम तल पर उपायुक्त कोर्ट में सुबह 11 बजे से बाद दोपहर 3 बजे तक लिए जा रहे हैं। करनाल विधानसभा उपचुनाव के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम अनुभव मेहता ने बताया कि उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र भरने के पांचवें दिन राष्ट्रीय मजदूर एकता पार्टी से रोहताश ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। करनाल विधानसभा उपचुनाव के लिए अभी तक कुल तीन उम्मीदवारों ने नामांकन किया है।