करनाल। अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए सीआईए-3 की टीम ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरप्रताप सिंह निवासी गांव मैहमल और सरबजीत सिंह निवासी गांव बांसा, थाना निसिंग को पिंगली चौक से काबू किया। दोनों पर मामले में शामिल आरोपियों को अवैध हथियार उपलब्ध कराने का आरोप है। इस मामले में पुलिस पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब तक छह आरोपी पकड़े जा चुके हैं। सीआईए-3 प्रभारी अजेय कुमार ने बताया कि सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार की टीम ने यह कार्रवाई की। थाना सदर करनाल में 27 अक्तूबर को दर्ज मुकदमा नंबर 765 की जांच के दौरान पहले गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों से पूछताछ की गई थी। इसी दौरान गुरप्रताप सिंह और सरबजीत सिंह की संलिप्तता सामने आई। पूछताछ में पता चला कि मामले में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के सिलसिले में दोनों की भूमिका थी। पुलिस टीम ने जांच के आधार पर दोनों आरोपियों को पिंगली चौक से गिरफ्तार किया। गुरप्रताप सिंह गांव मैहमल और सरबजीत सिंह गांव बांसा के निवासी हैं। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया। ब्यूरो