संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कर्ण कैनाल करनाल पर स्थित एक प्राइवेट ऑफिस के मालिक पर जान से मारने के इरादे से गोलियां चलाने वाले मामले में सीआईए-टू ने दो और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सीआईए-दो प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि मामले में चार आरोपियों को पहले ही टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को मामले में आरोपी सूर्य प्रताप निवासी बाबमा, अंबाला को जिला जेल करनाल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया व कोर्ट अदालत से दो दिन पुलिस रिमांड हासिल किया। आरोपी से पूछताछ के आधार पर 18 जुलाई को उसके एक अन्य साथी आरोपी विरेंद्र निवासी गुरु नानक नगर, अंबाला कैंट को गिरफ्तार किया गया व कोर्ट के सामने पेश कर एक दिन पुलिस रिमांड हासिल किया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी सूर्य प्रताप द्वारा वारदात को अंजाम देने के लिए शूटरों को हथियार बरामद करवाए गए थे और आरोपी विरेंद्र द्वारा हथियार लेकर जाने के लिए कार उपलब्ध करवाई गई थी। उन्होंने बताया कि मामले में चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और उनसे वारदात में प्रयोग हथियार भी बरामद किए जा चुके हैं।
आज आरोपियों के कब्जे से हथियार सप्लाई के लिए प्रयोग की गई कार बरामद की गई। उन्होंने बताया कि आरोपी सूर्य प्रताप हत्या के मामले में अंबाला जेल में बंद था, जहां से उसे प्रोडक्शन वारंट पर लिया गया था। शुक्रवार को आरोपियों की रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद दोनों को कोर्ट के सामने पेश कर जिला जेल भेज दिया गया।