संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। मूनक रोड स्थित बजीदा जट्टान की ओर जाने वाले रास्ते पर नहर पुल के नजदीक रविवार देर रात सीआईए दो की टीम और दो बदमाशों सोनीपत के गढ़ मलिकपुर के इमरान और जाजल गांव निवासी राैनक के बीच मुठभेड़ हुई। टीम को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
डीएसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की एक गोली पुलिसकर्मी मनोज की छाती पर बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। दोनों बदमाशों को घायल अवस्था में नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने दोनों से दो अवैध विदेशी पिस्टल और 106 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों की बाइक को भी कब्जे में ले लिया है। दोनों बदमाश दीपक नांदल गैंग के सदस्य हैं। आरोपियों से रिमांड के दाैरान पूछताछ में पता लगाया जाएगी कि आरोपी किस जगह वारदात को अंजाम देने के लिए आए थे।
डीएसपी ने बताया कि रविवार रात को सीआईए दो की टीम मूनक रोड पर माैजूद थी। इसी दाैरान सूचना मिली कि एक बाइक पर सवार होकर मूनक की ओर से दो बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने के लिए करनाल शहर की ओर आ रहे हैं। टीम ने मूनक रोड पर नाकाबंदी कर दी। एक बाइक पर मुंह कपड़े से ढंके हुए दो बदमाश आए। पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़ गए।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने अपनी बाइक बजीदा जट्टान वाले लिंक रोड की तरफ दाैड़ा दी। पुलिस की गाड़ी ने बजीदा जट्टान के नजदीक नहर पुल के पास बदमाशों की बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया। दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसी दाैरान एक बदमाश की गोली सहायक निरीक्षक मनोज की छाती में लगी। बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी होने के कारण उनकी जान बच गई। दूसरी गोली अतिरिक्त सहायक निरीक्षक विकास के सिर के नजदीक से निकली। पुलिस ने पहले हवाई फायर करके रुकने के चेतावनी दी। आरोपी नहीं रुके तो पुलिस ने पैरों में गोली चला दी। दोनों घायल होकर गिर पड़े। बदमाशों के आपराधिक रिकाॅर्ड के लिए संबंधित थाना को लिखा गया है।
रिमांड पर लेकर करेंगे पूछताछ
डीएसपी राजीव ने बताया कि पुलिस ने माैके पर सीन ऑफ क्राइम व एफएसएल टीम को बुलाया। घटनास्थल को सुरक्षित किया गया है। मधुबन थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम सहित बीएनएस की अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद दोनों बदमाशों को अदालत में पेश करके मामले के बारे में पूछताछ की जाएगी।
-
बदमाशों के बैग से मिले 98 कारतूस
पुलिस ने दोनों घायल बदमाशों के कब्जे से दो विदेशी पिस्टल, 106 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने उस बाइक को भी कब्जे में ले लिया जिस पर सवार होकर दोनों बदमाश आए थे। बदमाशों के पास एक बैग था, उसमें ही 98 कारतूस थे। इसके अलावा आठ कारतूस दोनों पिस्टल से बरामद हुए हैं। बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग की थी।