बांध गांव में सोमवार की देर रात कार सवार पांच हमलावर ढाबा मालिक के घर पर हमला करने पहुंचे। कार सवारों ने उतरते ही ढाबा मालिक के घर पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में ढाबा मालिक के घर से भी फायरिंग की गई, जिसमें 2 को गोली लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसराना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देर रात खबर लिखने तक पुलिस मौके पर मौजूद थी और कार्रवाई जारी थी।
पुलिस के मुताबिक ढाबा मालिक बांध गांव निवासी धर्मपाल के घर पर हमला करने के लिए एक कार में सवार होकर पांच लोग पहुंचे । पांचों बदमाश हथियारों से लैस थे। उन्होंने कार से उतरकर फायरिंग करनी चालू कर दी। ढाबा मालिक की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई। ढाबा मालिक के घर से भी जवाबी फायरिंग में दो को गोली लगी। इनके नाम सतीश वासी इसराना और मनीष वासी डिकाडला बताया जा रहा है। इनकी मौत हो गई। बाकी तीन हमलावर मौके से फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही इसराना पुलिस ने मौके पर पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
ढाबा मालिक के घर पर हमले की वजह 14 अगस्त को उसके ढाबे पर हुई लूट की वारदात को माना जा रहा है। तब हथियार से लैस हमलावरों ने कोहंड में धर्म ढाबे पर 60 हजार रुपये की नकदी और सोने की चेन लूट ली थी और ढाबा मालिक को जान से मारने की धमकी दी थी। जिसपर ढाबा मालिक ने घरोंदा में लूट की वारदात दर्ज कराई थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच जारी है, इसके बाद ही कुछ कह जा सकेगा।