संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 स्थित विश्राम गृह के सामने सर्विस लेन पर ट्रैक्टर ट्राॅली की चपेट में आने से बाइक सवार दो दोस्तों की माैत हो गई। मंगलवार शाम के समय घराैंडा निवासी आरएमपी डाॅक्टर भगवत दयाल (55) और शेखपुरा निवासी सब्जी विक्रेता मामन (60) बाइक पर सवार होकर घराैंडा की तरफ आ रहे थे। इसी दाैरान बाइक ट्राॅली की चपेट में आ गई।
ट्रैक्टर चालक माैके पर ही वाहन छोड़कर भाग गया। घराैंडा थाना पुलिस ने दोनों के शवों को शवगृह पहुंचा दिया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बाइक सवार हेलमेट पहने हुए थे।
घराैंडा थाना के कार्यकारी प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम के समय एक ट्रैक्टर ट्राॅली चालक पानीपत से घराैंडा की तरफ आ रहा था। इसी दौरान बाइक सवार भगवत दयाल और मामन दोनों दोस्त भी बाइक पर सवार होकर घराैंडा आ रहे थे। बाइक सवार जब ट्राॅली के पास से गुजर रहे थे तो उसकी चपेट में आ गए।
दोनों सड़क पर गिर गए। गंभीर रूप से घायल मामन को घरौंडा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल भगवत दयाल को एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। वहां उसने भी दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सड़क पर जाम की स्थिति पैदा हो गई।
सूचना के बाद पहुंची घराैंडा थाना पुलिस ने माैके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर ट्राॅली को सड़क से हटवाकर यातायात को चालू करवाया। ट्रैक्टर चालक हादसे के तुरंत बाद माैके से भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ तेज रफ्तार से वाहन चलाने सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
-
सब्जी बेचने का काम करता था मामन
सड़क हादसे में जान गंवाने वाला शेखपुरा गांव निवासी मामन खोराखेड़ी रोड पर टेंपो में सब्जी की दुकान चलाते थे। इसी से उनके परिवार का गुजारा चलता था। हादसे में माैत के बाद से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। घराैंडा के हनुमान मंदिर के नजदीक रहने वाले भगवत दयाल शेखपुरा गांव में आरएमपी डाॅक्टर के ताैर पर क्लीनिक चलाते थे। दोनों दोस्त थे। इसलिए पानीपत की तरफ इकट्ठे एक ही बाइक पर गए थे।