संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सर्दी ने दस्तक देनी शुरू कर दी है। ऐसे में आगामी 15 दिनों में डेंगू कम हो जाएगा। यह हम नहीं बल्कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कह रहे हैं। सर्दी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैनात किए 20 ब्लीडिंग चेकरों को भी उक्त कार्य से मुक्त कर दिया है। अब बनाई गई 160 टीमें, ग्रामीण में 150 और शहर में 10 टीम ही जांच प्रक्रिया पूरी करेंगी। इन टीमों में अब एएनएम, आशा कर्मी व एमपीएचडब्ल्यू डेंगू के लार्वा की तलाश करेंगी। शनिवार को डेंगू के दो केस सामने आए हैं।
उप-सिविल सर्जन डॉ. अनु शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने शनिवार को 2415 घरों में मच्छर के लार्वा की जांच की। जिनमें 12 घरों के विभिन्न स्थानों पर लार्वा मिला और पांच मकान मालिकों को विभाग की टीमों ने नोटिस थमाया। इसके साथ-साथ शनिवार को 85 संदिग्ध सैंपल में से दो व्यक्ति डेंगू पॉजिटिव पाए गए। ऐसे में अब जिले में डेंगू के केसों की संख्या 540 पहुंच चुकी हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने अभी तक जिले के सात लाख 30 हजार 70 घरों को चेक कर चुकी हैं। जिनमें अभी तक 7081 घरों में मच्छर का लार्वा मिला हैं और टीमों ने कुल 3866 मकान मालिकों को नोटिस थमाया हैं। वहीं जिले में डेंगू से दो लोगों की मौत भी हो चुकी है।
अभी पुराना मच्छर ही सक्रिय
उप-सिविल सर्जन डॉ. अनु शर्मा ने बताया कि टीमों को डेंगू का नया लार्वा बहुत कम मात्रा में मिल रहा है। अब जो पॉजिटिव केस सामने आ रहे हैं। वो पुराना मच्छर ही सक्रिय होने के कारण आ रहे हैं। सर्दी में डेंगू का लार्वा व मच्छर खत्म हो जाता है। उसके बावजूद लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।