करनाल। जिले में शुक्रवार को डेंगू के दो पॉजिटिव केस सामने आए हैं। ऐसे में डेंगू के केसों का आंकड़ा 27 तक पहुंच गया है। उप-सिविल सर्जन डॉ. अनु शर्मा ने बताया कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की 166 टीमें घर-घर जाकर लार्वा की जांच कर रही है।
टीम ने शुक्रवार को 8252 घरों में जाकर जांच की। इस दौरान 46 घरों में लार्वा मिला और 25 मकान मालिकों को नोटिस दिया गया है। अभी तक कुल 855423 घरों की जांच की जा चुकी है। इनमें से 4458 घरों में अभी तक लार्वा मिल चुका है और 2257 घर के मालिकों को विभाग नोटिस दे चुका है। टीम ने शुक्रवार को 53 लोगों के खून के नमूने की जांच की।
अभी तक टीम 3104 लोगों के खून के नमूनों की जांच कर चुके है। उन्होंने बताया कि सभी तरह का बुखार डेंगू नहीं होता है। बुखार होने पर बिना समय गंवाए डॉक्टर से संपर्क करें। डॉक्टर जांच के बाद जैसा परामर्श दें उसके अनुसार अपना इलाज करवाएं। डेंगू होने की स्थिति में सभी मरीजों को अस्पताल में भर्ती होने की आवश्यकता नहीं पड़ती है।