असंध के गांव सालवन में शुक्रवार को बाइक पर सवार होकर जा रहे एक छात्र को तेल से भरे टैंकर ने कुचल दिया। आरोपी चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। आनन फानन में छात्र अंकुर (17) को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, दूसरे हादसे में गांव चार समंद में एक युवक अपने की ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। अहम बात यह है कि दोनों ही युवक अपने-अपने घर में इकलौते बेटे थे। दोनों मौतों से दोनों गांवों में मातम का माहौल बना हुआ है।
पहला हादसा गांव सालवन में असंध पानीपत रोड पर हुआ। अंकुर बाइक पर सवार होकर जा रहा था, जैसे ही वह गांव से असंध पानीपत मार्ग पर चढ़ा तो एक तेज रफ्तार से आ रहे टैंकर ने उसे टक्कर मार दी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। ग्रामीणों ने बताया कि वह घर का इकलौता बेटा था, और उसके पिता का भी पहले निधन हो चुका है। अब घर में उसकी बहन और माता हैं। गांव में युवक की मौत को लेकर मातम है।
वहीं, दूसरा हादसा गांव चार समंद में हुआ। युवक बिल्ला खेती का काम करता था। जैसे ही वह चलते ट्रैक्टर पर चढ़ने लगा तो उसका पैर फिसल गया और वह ट्रैक्टर की चपेट मेें आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बिल्ला भी घर में इकलौता बेटा था। गांव में युवक की मौत को लेकर मातम पसरा हुआ है।