संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कुछ समय से शेयर बाजार में निवेश का क्रेज बढ़ा है, जिसे देखते हुए साइबर अपराधियों ने ठगी के नए-नए तरीके निकाल लिए हैं। एक ऐसे ही मामले में शेयर बाजार में रुपये लगाकर दो करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। सेक्टर-32 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
सेक्टर-6 निवासी बिनॉय कुमार दास ने सेक्टर-32 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि आरोपी रांवर गांव निवासी शिवम ने उसके साथ धोखाधड़ी की है। उसने उसे फोन किया और शेयर बाजार में निवेश कर बड़ा मुनाफा कराने का आश्वासन दिया। इसके लिए उसने उससे शेयर बाजार में उसके दो करोड़ रुपये लगवाए। आरोप है कि उसने शेयरों में निवेश के नाम पर ये रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए हैं। उसने न ही शेयर खरीदे और न रुपये वापस दे रहा है। सेक्टर-32 थाना प्रभारी मनोज ने बताया कि फिलहाल मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।