जिले में वीरवार को कोरोना के रिकार्ड 41 नये मामले सामने आये हैं। इसमें से 18 अमृतधारा माई हास्पिटल से संबंधित हैं, जिसमें डाक्टर, स्वास्थ्यकर्मी और इनके संपर्क में आए परिजन शामिल हैं। यही नहीं यहां आईसीयू में भर्ती दो कोरोना पाजिटिव मरीजों की मौत हो गयी है। मृतकों में 66 वर्षीय पंजाब नेशनल बैंक के पूर्व जनरल मैनेजर और सेक्टर-7 निवासी 65 वर्षीय महिला शामिल हैं। इससे पहले भी अस्पताल में कई डाक्टरों समेत 18 लोग कोरोना पॉजिटिव पाये जा चुके हैं।
आईटीआई चौक स्थित अमृतधारा हास्पिटल कोरोना का नया हाटस्पाट बन गया है। यहां पर तीसरे दिन भी डाक्टर और स्टाफ समेत कई मरीज संक्रमित मिले हैं। गुुरुवार को अस्पताल के आईसीयू में दाखिल कोरोना पाजिटिव एक बुुजुर्ग महिला और एक बुजुर्ग व्यक्ति ने मुलाना मेडिकल कालेज में दम तोड़ दिया। सेक्टर-14 निवासी 66 वर्षीय व्यक्ति को लीवर में दिक्कत होने के कारण आईसीयू में दाखिल किया था। जबकि सेक्टर-7 निवासी महिला-65 को सांस लेने में तकलीफ थी। अब जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 8 हो गई है।
सीएमओ डा. अश्वनी आहूजा के अनुसार वीरवार को कोरोना संक्रमण के 41 में से 34 करनाल के हैं, जबकि 7 अन्य जिलों से हैं। इनमें कुरुक्षेत्र से 2, कैथल 1, पानीपत 2 व उत्तर प्रदेश के 2 मामले शामिल हैं। करनाल के संक्रमितों में 20 वर्षीय युवती, 22 और 28 वर्षीय युवक समेत वसंत विहार निवासी 25 वर्षीय युवती, 23 और 22 साल की युवती शामिल हैं। इसी के साथ माडल टाउन निवासी 21 वर्षीय युवक व 26 साल युवक है। ये सभी अस्पताल के कर्मी हैं। इनको तीन दिन पहले क्वांरटीन किया था। इनकी रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद परिजनों को भी क्वारंटीन किया गया है। कर्मचारियों और उनके परिजनों के भी सैंपल लिये जा रहे हैं। गुरुवार को भी 40 सैंपल लिये गए। इस अस्पताल की ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं बंद कर दी गई हैं। अस्पताल प्रबंधन की ओर से गेट पर एक बोर्ड लगा दिया है, जिस पर लिखा है कि अभी यहां पर सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं।
माडल टाउन से लेकर गांवों तक पहुंचा कोरोना
शहर के पाश इलाकों से लेकर गांवों तक संक्रमण फैल रहा है। पहले सेक्टर-13 हाट स्पाट था, अब माडल टाउन हाट स्पाट बन सकता है। क्योंकि यहां पर अमृतधारा अस्पताल के डाक्टर समेत अन्य कर्मी रहते हैं। गुरुवार को माडल टाउन के दो कोरोना पॉजिटिव आये हैं। एक केस 64 वर्षीय अर्बन एस्टेट करनाल से, एक युवक और युवती बांसा नजदीक बस स्टैंड से हैं। गांव ओंगद से 30 साल की युवती, गांव टीकरी-कैलाश से 40 साल की महिला, तरावड़ी स्थित प्लाईवुड कंपनी में तैनात 48 साल के व्यक्ति, गनियाना से 26 साल का युवक, 1 केस जरनैली कॉलोनी से, 1 केस गांव बहलोन से, 2 केस मॉडल टाउन से, 1 केस बुढऩपुर आबद से, 1 केस गांव कुल्वेहड़ी से, 1 केस जुंडला से, 1 केस गांव अहमदगढ़ से, 2 केस बजाज कॉलोनी से, 1 केस गांव कैमला से, 1 केस प्रेम नगर से, 4 केस न्यू चार चमन से हैं। ये सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं और इनमें दो साल की बच्ची भी संक्रमित है। एक केस गांव चौचड़ा से, 1 केस अल्फा सिटी से, 2 केस सैक्टर 7 से, 1 केस आरके पुरम से, 1 केस गांव बीजणा से, 1 केस बड़ैचपुर लाडवा से, 1 केस पानीपत से, 1 केस शाहाबाद से संबंधित है।
कोरोना मीटर
कुल पाजिटिव केस हुए 359
सिविल सर्जन के अनुसार कोरोना संक्रमण से संदिग्ध कुल 19244 व्यक्तियों के सैंपल लिए गए, जबकि इनमें से 18516 की रिपोर्ट नेगेटिव आईं हैं। 359 मामले पॉजिटिव हैं, जिनमें से 8 की मृत्यु हो गई है, 138 एक्टिव हैं तथा 213 मरीज ठीक हो गए हैं।