नीलोखेड़ी क्षेत्र जांबा गांव के शराब के ठेके पर काम करने वाले यूपी के मैनपुरी के नगला मौज गांव निवासी कारिंदे अनिकेत और सिमकेत ठेकेदार को बिना बताए 35 हजार रुपये की नकदी और 63 हजार रुपये की शराब लेकर भाग गए। ठेकेदार ने निगदू थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने चोरी की प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
कैथल जिला के सांच गांव निवासी राजिंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका जोन नंबर 28 में ठेका है। इसमें निगदू और जांबा सर्कल की शराब की दुकानें शामिल हैं। जांबा गांव के ठेके पर उन्होंने यूपी के मैनपुरी स्थित नगला मौज गांव निवासी अनिकेत को नौकर रखा हुआ था। अनिकेत ने दुकान पर सिमकेत नाम के युवक को बतौर हेल्पर रखा था।
ठेकेदार राजिंद्र ने बताया कि जांबा वाली शराब की दुकान में करीब 20 लाख रुपये का शराब का माल था और रोजाना लगभग 35 हजार रुपये की बिक्री होती थी। दुकान की देखभाल, शराब और नकदी की पूरी जिम्मेदारी नौकर अनिकेत और हैल्पर सिमकेत के पास ही रहती थी। राजिंद्र ने बताया कि दो दिन पहले शाम को अनिकेत और सिमकेत ठेके की एक दिन की पूरी बिक्री के करीब 35 हजार रुपये और लगभग 63 हजार रुपये की शराब बिना किसी को बताए अपने साथ ले गए। इसके बाद से दोनों का कोई पता नहीं चला।
उन्होंने दोनों के परिजन और परिचितों से भी पूछा, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं लग पाया। ठेकेदार ने आरोप लगाया कि दोनों ने जानबूझकर दुकान की नकदी और शराब साथ ले जाकर धोखाधड़ी की है। शिकायत मिलने के बाद निगदू थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। निगदू थाना प्रभारी सतीश ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर चोरी की प्राथमिकी दर्ज की है। दोनों की तलाश जारी है।