माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। बिजली उपभोक्ताओं की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए बिजली निगम की उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम की बैठक मंगलवार को आयोजित की गई। बिलिंग से जुड़ी दो शिकायतें आईं। किसी का मौके पर समाधान नहीं हो सका।
अधीक्षक अभियंता नसीब सिंह ने बताया कि बैठक का उद्देश्य उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। फोरम में प्राप्त दोनों शिकायतों की सुनवाई की गई और समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों मामलों का जल्द ही निस्तारण कर दिया जाएगा।
बैठक में उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। फोरम के माध्यम से उपभोक्ताओं को बिजली बिल, मीटर रीडिंग, कनेक्शन और अन्य तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए मंच उपलब्ध कराया जाता है, ताकि उनकी शिकायतों का समयबद्ध निवारण हो सके।
-
पिछली दो बैठकों में नहीं आई कोई शिकायत
बिजली निगम के उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम की पिछली दो बैठकों में एक भी शिकायत दर्ज नहीं हुई थी। अधिकारियों के अनुसार, इससे यह संकेत मिलता है कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समय पर समाधान किया जा रहा है या उपभोक्ताओं में शिकायत दर्ज कराने के प्रति जागरूकता बढ़ी है। हालांकि इस बार आयोजित बैठक में बिलिंग से संबंधित दो शिकायतें सामने आईं, जिनकी सुनवाई के बाद उन्हें समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया है।