संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। घरौंडा की विग कॉलोनी में एक मकान पर कब्जा लेने के लिए पहुंचे केनरा बैंक के दो मैनेजरों को दो लोगों ने डंडों से पीट दिया। दोनों अधिकारी घायल हो गए। आरोपियों ने बैंक अधिकारियों की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। बैंक कर्मचारियों के साथ पुलिस की टीम भी थी लेकिन उन्हें बचा नहीं सकी।
दोनों को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में दाखिल करवाया गया। जहां से परिजन उन्हें निजी अस्पताल में ले गए। घटना में घायल केनरा बैंक घरौंडा के चीफ मैनेजर रणजीत सिंह की शिकायत पर घरौंडा थाना पुलिस ने आरोपी मकान मालिक जयकुंवार और प्रवीण के खिलाफ मारपीट, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का केस दर्ज कर किया है।
रणजीत कुमार ने बताया कि विग कॉलोनी निवासी जयकुंवार नामक व्यक्ति ने बैंक से मकान पर ऋण लिया था। बैंक में करीब 45 लाख रुपये जमा हो गए थे। 19 लाख रुपये बकाया थे। बार-बार नोटिस के बाद भी मालिक ने यह राशि जमा नहीं करवाई। इस पर बैंक ने मकान की नीलामी कर दी। बैंक की टीम मकान खरीदने वाले व्यक्ति को कब्जा दिलवाने के लिए मंगलवार की शाम को घरौंडा की विग काॅलोनी में गई थी। मकान मालिक जयकुंवार और प्रवीन मौके पर डंडे लेकर पहुंच गए। दोनों ने टीम पर हमला कर दिया।
रणजीत कुमार के अनुसार उनके साथ मैनेजर संदीप गर्ग घायल हो गए। घरौंडा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि केनरा बैंक के चीफ मैनेजर रणजीत की शिकायत पर जयकुंवार और मैनेजर संदीप गर्ग के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
ताला तोड़कर घर में घुस गए थे
मकान पर केनरा बैंक की टीम पहले भी कब्जा ले चुकी थी। बैंक ने मकान पर ताला लगा दिया था। कुछ दिन बाद ही आरोपी ताला तोड़कर अंदर घुस गए थे। डीसी करनाल के आदेश पर बैंक की टीम मंगलवार शाम को दोबारा कब्जा लेने के लिए पहुंची थी। टीम के साथ घरौंडा के तहसीलदार और पुलिस की टीम भी थी।
पुलिस टीम पर उठ रहे सवाल
करनाल डीसी के आदेश पर टीम कब्जा लेने पहुंची थी। साथ घरौंडा पुलिस की टीम भी साथ थी। इसके बावजूद भी दो लोगों ने मैनेजरों पर हमला कर दिया। इससे घरौंडा पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होते हैं। दोनों मैनेजर को हमले में काफी चोट लगी हैं।